'आईपीएल 2026' के 38वें मुकाबले में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हो रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। एम. सिद्धार्थ की जगह पर जॉर्ज लिंडे को मौका दिया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान पंत ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव है। सिद्धार्थ की जगह लिंडे टीम में आए हैं। हम इस पर काम कर रहे हैं। हमें कोई न कोई रास्ता निकालना होगा, और हम उसके काफी करीब हैं। हमें पता है कि हम यहां से इस सीजन का रुख बदल सकते हैं, और मुझे पूरा भरोसा है।"
केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस हारने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। इस समय यह देखना जरूरी है कि हम एक टीम के तौर पर कैसा खेल रहे हैं। बल्लेबाजी यूनिट को वह आजादी देना जरूरी है। हमें उन परिस्थितियों का आकलन करना होगा। हम उसी टीम के साथ उतर रहे हैं। वह जीत बहुत अच्छी थी। बात हमेशा सुधार की होती है। हमने कुछ अच्छे प्रैक्टिस सेशन किए हैं, और अब हम मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"