आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेशक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक डेब्यू नहीं किया है। लेकिन, आईपीएल और अंडर-19 और भारत ए के लिए खेलते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर पूरी दुनिया में अपने प्रशंसक बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और आईपीएल में एसआरएच की कप्तानी कर रहे पैट कमिंस सूर्यवंशी के नए फैन बॉय हैं।
आईपीएल 2026 में शनिवार को शाम का मुकाबला जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला गया। एसआरएच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
आरआर के लिए पारी की शुरुआत करने आए वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों पर शतक लगा दिया। वैभव ने 37 गेंदों की अपनी पारी में 12 छक्के और 5 चौके लगाते हुए 103 रन की पारी खेली। इसी पारी की बदौलत आरआर 228 रन बना सकी। एसआरएच ने 5 विकेट पर 229 रन बनाकर 9 गेंद पहले मैच 5 विकेट से जीत लिया।