पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करने के बाद आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का शानदार सफर आईपीएल 2026 में भी जारी है। आरसीबी के खेमे में यूं तो मैच विनर्स की भरमार है, लेकिन एक गेंदबाज निरंतरता के साथ आरसीबी के लिए छुपा रुस्तम मैच विनर साबित हो रहा है। यह गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली बन चुके सुयश शर्मा हैं।
आरसीबी के लिए सुयश शर्मा गेंद से पिछले सीजन से जो भूमिका निभाते आ रहे हैं, वो शायद आपको उनके आंकड़ों में बेशक न दिखाई दे, लेकिन टीम की कामयाबी में उनका असर बहुत बड़ा रहा है। आईपीएल 2025 में सुयश ने 14 मुकाबलों में 8 विकेट निकाले थे और उनका इकोनॉमी 8.84 का रहा था। सुयश पिछले सीजन बीच के ओवरों में आकर एकदम से रनों पर अंकुश लगा दे रहे थे, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ता चला जाता था।
सुयश की किफायती गेंदबाजी का फायदा अन्य गेंदबाजों को मिला था। किफायती गेंदबाजी के साथ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार सुयश का इस्तेमाल हर बार साझेदारी का अंत करने के लिए करते थे। सुयश भी कप्तान की उम्मीदों पर पिछले सीजन हर बार खरे उतरे थे। आरसीबी के लिए सुयश ने जो काम पिछले सीजन किया था, वही काम वह आईपीएल 2026 में कर रहे हैं।