गोमती नगर विस्तार इलाके में सेफ सिटी परियोजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से जुड़े उपकरण चोरी हो गए हैं। यहां शहीद पथ पर लगे करीब 40 कैमरे बंद हैं, जिससे ट्रैफिक मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है।
सीसीटीवी कैमरों की देखरेख करने वाली कंपनी के कर्मचारी विनोद यादव ने गोमती नगर विस्तार थाने में दी तहरीर में बताया कि लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत शहीद पथ पर पोल और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 25 अप्रैल की रात करीब 10:49 बजे अज्ञात चोर पोल माउंट से स्विच, बैटरी और यूपीएस समेत अन्य उपकरण निकाल ले गए।
तहरीर में बताया गया है कि गोमती नगर विस्तार में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरूरी उपकरण, जैसे स्विच, बैटरी और यूपीएस करीब 1.25 लाख रुपए की कीमत के थे, जो किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए हैं। इस वजह से कैमरे फिलहाल बंद हैं और काम नहीं कर रहे। इन कैमरों का इस्तेमाल ट्रैफिक पुलिस वाहनों की निगरानी, आईपीएल मुकाबलों के दौरान शहीद पथ पर ट्रैफिक कंट्रोल, महिलाओं की सुरक्षा और अपराध रोकथाम के लिए होता था। उपकरण चोरी होने से यह निगरानी फिलहाल प्रभावित हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच में जुटी है।