मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने स्पष्ट किया है कि ढाका में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे मैच के दौरान सलमान अली आगा का विवादास्पद रन-आउट क्रिकेट नियमों के तहत सही था। एमसीसी ने यह भी कहा कि फील्डिंग करने वाली टीम 'क्रिकेट की भावना' का ध्यान रखते हुए अपनी अपील वापस लेने का विकल्प चुन सकती थी।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने मोहम्मद रिजवान के खेले एक शॉट को फील्ड करने की कोशिश की। जब मिराज गेंद को पकड़ने के लिए पिच पर आगे बढ़े, तो उनकी टक्कर आगा से हो गई, जो नॉन-स्ट्राइकर छोर पर पीछे हट गए थे। इसके बाद आगा गेंद को उठाकर उसे गेंदबाज को वापस देने के लिए नीचे झुके। हालांकि, मिराज ने तेजी से गेंद पकड़ी और उसे स्टंप्स पर थ्रो किया। आगा अभी भी अपनी क्रीज से बाहर थे, जिसके चलते उन्हें आउट करार दिया गया। मैच के बाद, आगा ने 'क्रिकेट की भावना' का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह फील्डर होते, तो कुछ और ही करते और 'खेल भावना' का परिचय देते।
इस घटना के बाद काफी बहस छिड़ी, जिसके जवाब में एमसीसी ने एक बयान जारी करते हुए पुष्टि की है कि मैदान पर लिया गया फैसला सही था। बयान में कहा गया, "नियमों के अनुसार, अंपायर कुछ और नहीं कर सकते थे। जब विकेट गिरा, तब नॉन-स्ट्राइकर स्पष्ट तौर पर अपनी क्रीज से बाहर थे, और गेंद खेल में थी। इसलिए, यह आउट था।"