भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने कहा कि गवर्निंग बॉडी सभी आईपीएल खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट के दौरान पारदर्शिता बेहतर करने और सुरक्षा इंतजाम को मजबूत करने के लिए कड़े नियम ला रही है।
उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों तक पहुंच को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, बाहरी दखल या सुरक्षा खतरे से बचा जा सके। राजीव शुक्ला ने बताया कि अब फैंस और बिना अनुमति वाले लोगों को टीम होटल, टीम बस या खिलाड़ियों के निजी क्षेत्रों में उनसे मिलने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आईपीएल की पारदर्शिता बनाए रखने और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने के लिए ये नियम अगले कुछ दिनों में लागू किए जा सकते हैं।
बीसीसीआई ने हाल ही में सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजियों को सात पन्नों की नई गाइडलाइन भेजी है। इसमें टीमों को “हनी-ट्रैप” जैसे संभावित खतरों से सावधान रहने को कहा गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी वजह से अब होटल और टीम से जुड़े सभी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।