ODI Match Between India Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना आईसीसी की ओर से जारी ताजा वनडे रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज बन गई हैं। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर अलाना किंग एक पायदान ऊपर चढ़कर शीर्ष पर पहुंच गई हैं।
मंधाना ने एक पायदान की छलांग लगाते हुए साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को पछाड़ दिया है। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध ब्रिस्बेन में खेले गए पहले वनडे मैच में 58 रन की पारी खेली थी। इसके बाद होबार्ट में 31 रन बनाए।
इस बीच, किंग (775) ने गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप पर इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन के लगभग चार साल के राज को खत्म कर दिया। पूरे हफ्ते अलाना किंग ने 16.71 के एवरेज से 7 विकेट हासिल किए। उन्होंने भारत के विरुद्ध तीसरे वनडे मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 4 विकेट निकाले। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के दम पर मेजबान टीम को 185 रन से जीत मिली।