आयरलैंड ने नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को हाई परफॉरमेंस ओवल में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में 55 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज के अगले मुकाबले 24 अक्टूबर, 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को इसी मैदान पर खेले जाने हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 50 ओवरों के खेल में 9 विकेट खोकर 229 रन बनाए। एंड्रयू बालबर्नी ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग के साथ पहले विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। बालबर्नी 20 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद स्टर्लिंग ने केड कारमाइकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए।
स्टर्लिंग 71 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केड कारमाइकल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने हैरी टेक्टर के साथ 54 रन और लॉरेन टकर के साथ 27 रन की साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।