आईपीएल 2026 के बीच 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने टीम में फेरबदल किया है। चोटिल रामकृष्ण घोष के स्थान पर कर्नाटक के बैटिंग ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को जोड़ा गया है। रामकृष्ण 3 मई को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हुए थे। दाहिने पैर में चोट लगने के कारण उन्हें आईपीएल 2026 के शेष मुकाबलों से बाहर होना पड़ा है।
आईपीएल ने बुधवार को एक बयान में कहा, "रामकृष्ण घोष की जगह मैकनील नोरोन्हा 30 लाख रुपए में सीएसके की टीम में शामिल होंगे।" हाल ही में 'नमन अवॉर्ड्स' में एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित 24 वर्षीय नोरोन्हा घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए हैं। मैकनील ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी 2024/25 में सर्वाधिक रन बनाए थे।
मैकनील नोरोन्हा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 2025/26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए कर्नाटक की टीम में जगह मिली। इस टूर्नामेंट में उन्होंने तीन मुकाबलों में 58 रन बनाने के साथ एक विकेट भी अपने नाम किया था। पिछले साल महाराजा ट्रॉफी में नोरोन्हा ने खिताब जीतने वाली टीम 'मंगलुरु ड्रैगन्स' के लिए 148.82 के स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए थे।