आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लगातार चौथी हार से पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए। उन्होंने कहा कि टीम के गेंदबाज सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने में नाकाम रहे।
अय्यर ने कहा कि पंजाब किंग्स द्वारा बनाए गए 210 रन इस विकेट पर अच्छा स्कोर था। उन्होंने कहा, "बिल्कुल, मुझे लगता है कि इस विकेट पर हमने 30 रन ज्यादा ही बनाए थे, यह देखते हुए कि गेंद कैसे सीम कर रही थी और बाउंस भी असमतल था।" अय्यर ने कहा कि वह बीच के ओवरों में युजवेंद्र चहल से एक ओवर करवाने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन पिच से मिल रही तेज गेंदबाजों को मदद के चलते उन्होंने ऐसा नहीं किया।
अय्यर ने कहा, "मेरे मन में बिल्कुल यह ख्याल था, लेकिन बॉल सीम कर रही थी और पिच से तेज गेंदबाजों को मदद कर रही थी। मुझे लगता है कि अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ ठीक से रखी होती, तो हम विकेट ले सकते थे, लेकिन बदकिस्मती से, हम ऐसा नहीं कर पाए।"