आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से क्रिकेट की दुनिया और इससे जुड़े लोगों को रोमांचित किया हुआ है। मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 87 रन की पारी खेल सीएसके की जीत की पटकथा लिखने वाले सैमसन की पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने प्रशंसा की है।
दीप दासगुप्ता ने सैमसन की लगातार अच्छा खेलने और मैच जिताने की काबिलियत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप 2026 के बाद से चीजें बदल गई हैं। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल में मैच जिताने वाली पारियां खेली थीं। यह सैमसन का सबसे अच्छा वर्जन है जिसे क्रिकेट जगत देख रहा है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो पर दीप दासगुप्ता ने कहा, "संजू सैमसन का यह वही वर्जन है जिसे हम काफी सालों से देखना चाहते थे। हर सीजन में वह ऐसी कुछ पारियां खेलते हैं। हम कहते हैं, 'वाह, क्या खिलाड़ी है।' लेकिन, फिर यह सिर्फ कुछ पारियां ही रह जाती हैं। लेकिन टी20 विश्व कप के बाद उनकी फॉर्म में निरंतरता रही है।"