Archery Premier League: आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन 2 में गुरुवार का दिन 'पीछा करने वाली टीमों' के नाम रहा। सबसे नीचे चल रही चोला चीफ्स ने इसकी शुरुआत की, जबकि माइटी मराठा, काकतीय नाइट्स और पृथ्वीराज योद्धा जैसी शीर्ष टीमों को हार का सामना करना पड़ा।
दिन की शुरुआत में माइटी मराठा और काकतीय नाइट्स 10 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब थे, लेकिन उनका सामना क्रमशः मजबूत इरादों वाली राजपूताना रॉयल्स और चेरो आर्चर्स से हुआ। रॉयल्स ने 6-2 से जीत दर्ज की, जबकि चेरो ने काकतीय नाइट्स को 6-0 से हराया, लेकिन दिन का पहला मुकाबला सबसे रोमांचक रहा। लगातार पांच हार झेल रही चोला चीफ्स ने पृथ्वीराज योद्धाज को हराकर अपनी हार का सिलसिला तोड़ा। मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहने के बाद 'हिट-ऑर-मिस शूट-ऑफ' तक पहुंच गया था।
चोला चीफ्स की तरफ से कोलंबिया की एलेजांद्रा उसक्वियानो और भारत की युक्ता श्री कोंडापावुलुरी ने टाई-ब्रेक में अपने तीर 'गोल्डन X-रिंग' पर सटीक लगाए, जबकि बाकी तीरंदाजों के तीर निशाने पर नहीं लगे। इस तरह चीफ्स ने 2-0 से जीत हासिल की।