Asian Games: गुलवीर सिंह का मानना है कि एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने में छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देने और अपनी पूरी टीम के सहयोग ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर अक्सर छोटी-छोटी बातें ही सबसे बड़ा फर्क डालती हैं।
गुलवीर ने शुक्रवार को 25 लैप की दौड़ 28:29.38 में पूरी करके दूसरा स्थान हासिल किया। वह बहरीन के बिरहानु बालेव से सिर्फ 1.87 सेकंड पीछे रहे, जिन्होंने 28:27.51 में गोल्ड मेडल जीता। बहरीन के अल्बर्ट किप्टू ने 28:34.38 में ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चीन के वांग वेनजी 28:38.14 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारतीय एथलीट दौड़ के ज्यादातर समय तक लीड ग्रुप के साथ बने रहे और आखिर में संयम बनाए रखा। जब 2,000 मीटर की दौड़ बाकी थी, तब गुलवीर मेडल की दौड़ में मजबूती से बने हुए थे। उन्होंने हिम्मत बनाए रखी और बहरीन के दो धावकों के बीच जगह बनाते हुए सिल्वर मेडल पक्का किया।