Singles Squash Final: एशियन गेम्स 2026 में रविवार को मेंस सिंगल्स स्क्वैश फाइनल में भारतीय खिलाड़ी अभय सिंह को मलेशिया के मौजूदा चैंपियन ईन यो एनजी के खिलाफ 9-11, 5-11, 5-11 से शिकस्त मिली, जिससे अभय को सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा।
इसी के साथ सौरव घोषाल के बाद अभय इस इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने। सौरव ने साल 2014 और 2023 में सिंगल्स इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किए थे। फाइनल में हारने के कारण अभय एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए, जहां स्क्वैश पहली बार शामिल हो रहा है।
नागोया किंजो फुतो एरिना में 44 मिनट तक चला यह मुकाबला काफी कड़ा रहा, लेकिन धीरे-धीरे ईन ने अपना नियंत्रण बनाते हुए अभय को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। पिछले संस्करण के फाइनल में सौरव घोषाल को शिकस्त देने वाले मलेशियाई खिलाड़ी ने संभलकर शुरुआत करते हुए लंबी रैलियां कीं। अभय ने एक बेहतरीन बैकहैंड शॉट के साथ पहली बढ़त बनाई और कुछ समय के लिए 2-1 से आगे रहे।