BWF World Championship: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में गुरुवार को दो बार के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की मेंस डबल्स जोड़ी ने मलेशिया के जुनैदी आरिफ और याप रॉय किंग को 21-23, 21-19, 21-17 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
सात्विक और चिराग ने पहला करीबी गेम हारने के बावजूद संयम बनाए रखा और मलेशियाई जोड़ी को मात देकर क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का किया, जहां उनका मुकाबला चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी लियांग वेई केंग और वांग चांग से होगा।
गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिन के आखिरी मैच में, सात्विक और चिराग ने मलेशियाई खिलाड़ियों के खिलाफ पहले गेम में दो गेम प्वाइंट्स बचाए, लेकिन फिर भी गेम हार गए। हालांकि, दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और 16-18 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। आखिरी गेम में भी कुछ ऐसा ही हुआ; सात्विक और चिराग 12-15 से पीछे थे, लेकिन फिर स्कोर 17-17 से बराबर किया और अगले चार प्वाइंट्स जीतकर क्वार्टर-फाइनल में जगह पक्की कर ली।