BWF World Championship: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में गुरुवार को भारत की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो का सफर 'राउंड ऑफ 16' में समाप्त हो गया। 15वीं सीड वाली मिक्स्ड डबल्स जोड़ी को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चीन के चेन फांग और गुओ शिनवा के हाथों 11-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। अब इस इवेंट में देश की कोई भी जोड़ी नहीं बची है।
यह हार उस दिन के ठीक एक दिन बाद मिली, जब इस जोड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की थी। पहले राउंड में 'बाय' मिलने के बाद, भारतीयों का सामना मकाऊ के लियोन्ग इओक चोंग और एनजी वेंग ची से हुआ और उन्होंने आसानी से मैच जीतकर अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की की।
भारतीय जोड़ी इस हार से मायूस है। मुकाबले के बाद तनीषा ने पत्रकारों से कहा, "हम काफी निराश हैं कि हम अपना बेस्ट गेम नहीं दिखा पाए, खासकर अपने होम ग्राउंड पर। पहला सेट अच्छा था, हमने अच्छी टक्कर दी, लेकिन दूसरे सेट में हमारा कोई कंट्रोल नहीं रहा। मुझे लगता है कि विपक्षी खिलाड़ियों ने इसका फायदा उठाया और दूसरे सेट में बहुत अच्छा खेले। लेकिन हां, हम इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं कि आज हम उम्मीद के मुताबिक नहीं खेले और हमें लगता है कि हम आज बेहतर परफॉर्मेंस दे सकते थे।"