Commonwealth Games: नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई है। गुरुवार को क्वालीफाइंग राउंड ग्रुप-ए में नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ फाइनल का टिकट हासिल किया।
नीरज चोपड़ा, रोहित यादव (78.37 मीटर) और यशवीर सिंह (78.36 मीटर) ने क्वालीफाइंग राउंड ग्रुप-ए में शीर्ष-10 स्थान हासिल करते हुए 31 जुलाई को खेले जाने वाले मेडल इवेंट में जगह बनाई।
क्वालिफिकेशन पक्का करने के बाद, नीरज चोपड़ा ने कहा कि उनका मुख्य मकसद बहुत दूर तक भाला फेंकने के बजाय मेडल राउंड में पहुंचना था। क्वालिफाइंग राउंड में पांचवें स्थान पर रहने के बाद नीरज चोपड़ा ने माना कि ठंड और तेज हवाओं ने मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बना दिया था। उन्होंने कहा, "वहां सच में बहुत ठंड थी और हवा भी चल रही थी, लेकिन 79 मीटर का थ्रो ठीक-ठाक था। मेरा मकसद फाइनल में पहुंचना और वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था, इसलिए मैं इस थ्रो से खुश हूं।"