Commonwealth Games: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय पैरा-एथलीट्स दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में ऐतिहासिक गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। इसी के साथ उन्होंने लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले लॉन्ग-जंपर मुरली श्रीशंकर की भी तारीफ की।
गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि बासिल ने 10.83 सेकंड के अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इस तरह भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में यादगार 1-2 फिनिश हासिल की।
गोल्ड मेडलिस्ट दिलीप महादु गावित की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "दिलीप महादु गावित का शानदार प्रदर्शन। पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में बेहतरीन टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीतने, नया गेम्स रिकॉर्ड बनाने और अपना 'सीजन बेस्ट' प्रदर्शन करने पर उन्हें बधाई। उनकी रफ्तार, दृढ़ संकल्प और लगन ने हमारे देश का मान बढ़ाया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"