FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में फ्रांस को स्पेन के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने माना कि उनकी टीम अपने प्लान के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि फ्रांस ने मुकाबले में कई तकनीकी और रणनीतिक गलतियां कीं, जिसका फायदा स्पेन ने उठाया।
एम्बाप्पे ने हार के बाद खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, "जब आप जीतते हैं तो सिर ऊंचा रखते हैं, लेकिन जब हारते हैं तब भी सिर ऊंचा रखना पड़ता है।" उन्होंने कहा कि टीम को इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा। सेमीफाइनल मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही फ्रांस पर दबाव बनाए रखा। स्पेन के खिलाड़ियों ने शानदार टीमवर्क दिखाते हुए फ्रांस के मजबूत आक्रमण को रोक दिया और पूरे मैच की गति अपने नियंत्रण में रखी। फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड भी इस मुकाबले में अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके।
मैच के बाद एम्बाप्पे ने कहा, "हमने उस तरह का खेल नहीं खेला जैसा हम चाहते थे। चाहे बात रणनीति की हो, तकनीक की हो या पूरी टीम के प्रदर्शन की, हम अपने स्तर तक नहीं पहुंच पाए। विश्व कप सेमीफाइनल जैसे मुकाबले में अगर आप अपनी योजना को सही तरीके से लागू नहीं करते हैं तो जीतना मुश्किल हो जाता है।"