FIFA World Cup: इंग्लैंड के हाथों क्वार्टर फाइनल में 1-2 से शिकस्त झेलने के बाद नॉर्वे को फीफा वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी रेस से बाहर होना पड़ा। नॉर्वे के मशहूर स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने बताया कि फीफा वर्ल्ड कप के अनुभव ने उन्हें एक इंसान के तौर पर बदल दिया है। 25 वर्षीय हालैंड ने अपने देश के ऐतिहासिक कैंपेन पर गर्व जताया है।
हालैंड ने इराक, सेनेगल, कोटे डी आइवर और ब्राजील के खिलाफ लगातार चार मुकाबलों में सात गोल दागकर विरोधियों के डिफेंस को परेशान किया था, लेकिन इंग्लैंड ने इस 6 फीट 4 इंच लंबी कद-काठी वाले खिलाड़ी को शांत रखा और मियामी में नॉर्वे का अब तक का सबसे अच्छा वर्ल्ड कप कैंपेन खत्म हो गया।
मैच के बाद हालैंड ने कहा, "ये चीजें अविश्वसनीय हैं। इसने मुझे एक इंसान के तौर पर बदल दिया है। मुझे लगता है कि मेरी पहचान थोड़ी बढ़ गई है, ऐसा कह सकते हैं। जब मैं उन मुकाबलों को याद करता हूं तो इन सभी बातों को समझना मुश्किल होता है, लेकिन ऐसे इवेंट का हिस्सा बनना बहुत खास है, जिसे मैं पहले बाहर से देखता था, और अब मैं इसे खुद जी रहा हूं। मुझे बहुत गर्व महसूस होता है, जब मैं सोचता हूं कि हमने कितना अच्छा प्रदर्शन किया, नॉर्वे में एकता की भावना, और वहां और यहां जो सकारात्मकता और खुशी हमने महसूस की, तो मैं सचमुच भावुक हो जाता हूं।"