FIFA World Cup: डलास स्टेडियम में सोमवार को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के 'ग्रुप-जे' मैच में अर्जेंटीना के लिए लियोनेल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ गोल किया। इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत गोल करने का रिकॉर्ड बना लिया। यह फीफा वर्ल्ड कप में मेसी का 17वां और 2026 संस्करण में चौथा गोल था।
अपने 39वें जन्मदिन से दो दिन पहले, मेसी ने न केवल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि वे फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जैरजिन्हो के बाद लगातार छह वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने। यह टूर्नामेंट में मेसी का चौथा गोल है, जिससे वर्ल्ड कप में उनके कुल गोलों की संख्या 17 हो गई है।
मेसी ने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के 16 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब इस लिस्ट में मेसी 17 गोल के साथ सबसे आगे हैं, उनके बाद क्लोज (16 गोल) और रोनाल्डो (ब्राजील- 15 गोल) हैं। फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और जर्मनी के गर्ड मुलर 14 गोल के साथ लिस्ट में अगले स्थान पर हैं।