डेनिल मेदवेदेव का रोलैंड गैरोस में खराब प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। वर्ल्ड नंबर-5 मेदवेदेव को पहले ही राउंड में ऑस्ट्रेलियाई वाइल्डकार्ड एडम वाल्टन के हाथों 5 सेट में हार (6-2, 1-6, 6-1, 1-6, 6-4) का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला 3 घंटे 22 मिनट तक चला।
यह वाल्टन के करियर की सबसे बड़ी जीत थी, जिसके साथ ही उन्होंने किसी टॉप-10 खिलाड़ी के खिलाफ पहली बार जीत दर्ज की है। फ्रेंच ओपन में 10 बार हिस्सा लेने के दौरान ऐसा 7वीं बार था, जब मेदवेदेव पहले ही राउंड में बाहर हो गए। इसके साथ ही रोलैंड गैरोस में 5 सेट वाले मुकाबलों में उनका रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक 0-4 का हो गया है।
क्ले कोर्ट पर दोनों खिलाड़ियों के बीच यह एक जबरदस्त मुकाबला था, जिसमें मैच का पलड़ा लगातार इधर-उधर झुकता रहा। वाल्टन के लिए मैच में बने रहना काफी मुश्किल था, क्योंकि पूर्व यूएस ओपन चैंपियन मेदवेदेव आखिरी तीन सेटों में हावी होने की कोशिश कर रहे थे। पेरिस की गर्मी से जूझते हुए मेदवेदेव को दूसरे सेट के दौरान 'एंड्स' बदलने के समय एक 'टाइमआउट' भी लेना पड़ा।