Indian Premier League: मुंबई इंडियंस (एमआई) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ खराब शुरुआत के बावजूद 162/6 का स्कोर बनाया। टीम के अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा का मानना है कि यह पिच की धीमी प्रकृति के बावजूद, एक अच्छा स्कोर है। एमआई की इस पारी में कप्तान सूर्यकुमार यादव (51 रन) के अलावा, रोहित ने 35 रन की पारी खेली।
ब्रॉडकास्टर्स के साथ बातचीत के दौरान कुलदीप यादव के साथ डीआरएस वाले पल पर, जिसमें रोहित आउट होने से बच गए थे, एमआई के पूर्व कप्तान ने कहा, "मैं कुलदीप को काफी अच्छे से जानता हूं, उन्हें डीआरएस लेना पसंद है। इसलिए, मैं वहां बस थोड़ी सी किस्मत आजमाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन फिर भी, मैं अगले ही ओवर में आउट हो गया। मैं आगे नहीं खेल पाया। मैं गेम को जितना हो सके, उतना आगे तक ले जाना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं कर सका, लेकिन, वहां मैदान पर साथियों के साथ थोड़ी मस्ती हुई।"
उन्होंने कहा, "मुझे पता है कुलदीप, उसे जैसे ही 50-50 का चांस दिखता है, वह तुरंत डीआरएस ले लेते हैं। इसलिए मैं वहां बस अपनी किस्मत आजमा रहा था। यह हमारे पक्ष में रहा। हालांकि, मैं अगले ही ओवर में आउट हो गया। मैं लंबी बैटिंग करना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं कर सका।"