इंटर मिलान ने लाजियो पर 2-0 से जीत के साथ अपना दसवां कोप्पा इटालिया फुटबॉल खिताब जीता। इस जीत के साथ ही इंटर मिलान ने इस सीजन का ऐतिहासिक “डोमेस्टिक डबल” पूरा किया।
इंटर मिलान ने इसी साल मई में तीन मुकाबले बाकी रहते हुए 21वां सीरी ए के खिताब को अपने नाम किया था। टीम के लिए पहला गोल मार्कस थुरम ने किया। फेडेरिको डिमार्को के कॉर्नर पर मार्कस थुरम का शानदार हेडर लाजियो के खिलाड़ी एडम मारुसिक से टकराकर गोल पोस्ट में चला गया। इसके बाद मैच के 35वें मिनट में इंटर मिलान ने अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। पेनल्टी बॉक्स से दिए गए डेनजेल डमफ्रीज के शानदार पास को लुटारो मार्टिनेज ने खाली पड़े गोल पोस्ट में पहुंचाया।
लाजियो के खिलाफ फाइनल में मिली धमाकेदार जीत के बाद इंटर मिलान के मैनेजर क्रिस्टियन चिवु ने इंटरव्यू में अपनी भावनाएं शेयर कीं। उन्होंने कहा, "इंटर ने इस सीजन में दो ट्रॉफी जीती हैं, और हम इसके हकदार थे क्योंकि हमारा कैंपेन बहुत अच्छा रहा। हमने इन वर्षों में जो भी कुछ हासिल किया है, उसके लिए हम बेहद खुश हैं।"