इंटर मियामी के कप्तान लियोनेल मेसी का मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) में शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने रेगुलर सीजन में 26 गोल करके 'गोल्डन बूट' का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही मेसी लगातार दो सीजन में यह पुरस्कार जीतने वाले लीग के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
अर्जेंटीना के इस सुपरस्टार ने एफसी डलास के फॉरवर्ड पेटार मूसा से 4 गोल ज्यादा किए, जिन्होंने 22 गोल दागे थे। वहीं, वैंकूवर व्हाइटकैप्स एफसी के ब्रायन व्हाइट 20 गोल के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस उपलब्धि के साथ, मेसी एमएलएस के इतिहास में एक से अधिक बार गोल्डन बूट जीतने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं।
अपने चौथे एमएलएस सीजन में, मेसी ने केवल 31 रेगुलर-सीजन मुकाबलों में हिस्सा लेने के बावजूद सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके 26 गोल के साथ 17 असिस्ट भी शामिल रहे, जिससे उनका कुल योगदान 43 हो गया। यह एमएलएस के किसी एक सीजन में दर्ज किया गया तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।