Sakshi Malik: हरियाणा के रोहतक में जन्मीं साक्षी मलिक भारतीय महिला कुश्ती के इतिहास में एक अलग मुकाम रखती हैं। फोगाट परिवार पर बनी फिल्म 'दंगल' तो आप सभी ने देखी होगी। गीता-बबीता की मेहनत और उनके संघर्ष की कहानी से देश वाकिफ है, लेकिन क्या आप साक्षी मलिक की स्ट्रगल स्टोरी जानते हैं?
रियो ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली देश की इस बेटी का सफर 'अंगारों' पर चलने जैसा था। साक्षी का जन्म 3 सितंबर 1992 को हरियाणा के रोहतक जिले के मोखरा गांव में हुआ था। जब साक्षी का जन्म हुआ था, तब बेटी पैदा होने पर हरियाणा में खुशियां नहीं बल्कि मातम मनाया जाता था।
उनके जन्म के कुछ समय बाद ही उनके माता-पिता की शहर में नौकरी लग गई थी। इस कारण उन्हें गांव से दूर शहर में रहना पड़ा। साक्षी अपने दादा के साथ गांव में ही रहती थी। अपने पहलवान दादा सुबीर मलिक से प्रेरित होकर ही उन्होंने रेसलिंग में कदम रखा।