Vijender Singh: ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के एथलीटों के प्रदर्शन पर बधाई देने वाले किसी भी सार्वजनिक संदेश के अभाव पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया और कहा कि देश की खेल उपलब्धियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठना चाहिए।
विजेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अक्सर देश के युवाओं की बात करते हैं, लेकिन राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के एथलीटों के शानदार प्रदर्शन के लिए आपकी ओर से अभी तक एक भी बधाई संदेश या द्वीट नहीं आया है। जब भारत के युवा तिरंगा ऊंचा लहरा रहे हैं, तो राजनीति से ऊपर उठकर उनका मनोबल बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।"
भारत के लिए मुक्केबाजी में पहला ओलंपिक पदक जीतने वाले पूर्व मुक्केबाज ने यह पोस्ट ऐसे समय में साझा किया जब भारतीय एथलीट 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए प्रशंसा बटोर रहे थे।