पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर भारत की 3-0 से हार के बाद से ही रोहित शर्मा की टेस्ट प्रारूप में कप्तानी सवालों के घेरे में है और अब मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके नेतृत्व में खेले गए तीन में से दो टेस्ट हारने के बाद हालात बद से बदतर होते चले गए हैं।

Advertisement

कप्तानी के साथ-साथ रोहित की बल्लेबाजी फॉर्म भी खराब चल रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी पिछली 11 पारियों में केवल 122 रन बनाए हैं। यही कारण है कि कुछ क्रिकेट पंडित तो रोहित को संन्यास लेने की सलाह तक दे रहे हैं। वहीं,  पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने भी रोहित को फटकार लगाई है और कहा है कि रोहित ने अकेले ही भारत के आत्मविश्वास को चकनाचूर कर दिया है। बासित को लगता है कि रोहित द्वारा बल्लेबाजी की शुरुआत करने और राहुल और यशस्वी की सलामी जोड़ी को बाधित करने का कदम बॉक्सिंग डे टेस्ट में भारत की हार का मुख्य कारण था।

Advertisement

बासित ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "क्या पहला टेस्ट जीतने के बाद भारत अति आत्मविश्वास में आ गया? एक फैसला की नहीं, मैं ओपन करूंगा। रोहित फॉर्म में नहीं है और जो रन बना रहा था, (केएल) राहुल, आपने उसे भी दबाव में डाल दिया। आपने टीम का आत्मविश्वास बिल्कुल चकनाचूर कर दिया। मुझे लगता है कि रोहित के कप्तानी छोड़ने का समय आ गया है। (जसप्रीत) बुमराह को आखिरी टेस्ट के लिए कप्तान बनाया जाना चाहिए। आपने भारत की बहुत सेवा की है, लेकिन अब आपका शरीर आपका साथ नहीं दे रहा है।"

भारतीय टीम अब मौजूदा सीरीज तो नहीं जीत सकती है लेकिन उनके पास सिडनी टेस्ट जीतकर सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करने का मौका जरूर है। ऐसे में अगर रोहित शर्मा सिडनी में भी टीम को जीत नहीं दिला पाते हैं तो हो सकता है कि ये टेस्ट उनके करियर का आखिरी टेस्ट बन जाए। वहीं, भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भी सिडनी टेस्ट जीतने की जरूरत होगी और उसके साथ ही उन्हें दुआ करनी होगी ऑस्ट्रेलिया उसके बाद अपने आखिरी दोनों टेस्ट भी हार जाए।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार