भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। वॉन ने कहा है कि साउथ अफ्रीका टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की सबसे बेवकूफ़ टीम थी और उनकी ही गलती की वजह से भारतीय टीम ये टूर्नामेंट जीत पाई। वॉन ने कहा कि अगर साउथ अफ्रीका ने सुपर 8 के मुकाबले में वेस्टइंडीज को खुद को हराने दिया होता, तो भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना बहुत मुश्किल हो जाता और शायद वो टूर्नामेंट से बाहर भी हो जाते।
गौरतलब है कि सुपर 8 चरण के दौरान, भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका से 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद सूर्यकुमार यादव की टीम मुश्किल स्थिति में फंस गई थी और उन्हें जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अगले दो मैच जीतने की सख्त ज़रूरत थी। भारत ने जिम्बाब्वे को हरा दिया, लेकिन वो अहमदाबाद में खेले गए साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले के नतीजे पर भी बारीकी से नज़र रखे हुए थे।
उस मैच में प्रोटियाज़ ने विंडीज़ को बुरी तरह हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जिससे कोलकाता में दो बार के चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का मुकाबला एक तरह से 'वर्चुअल क्वार्टरफाइनल' बन गया। मेज़बान टीम ने वो मुकाबला जीता और फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड को भी हरा दिया। जबकि सेमीफाइनल चरण में न्यूज़ीलैंड से हारने के बाद साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट से बाहर हो गया। ऐसे में अगर अफ्रीकी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना सुपर-8 मैच हार जाती तो शायद इस टूर्नामेंट की कहानी कुछ और ही होती और भारत चैंपियन ना बन पाता।
वॉन ने 'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट पर कहा, "मैं आपको बताता हूं कि मेरे हिसाब से इस टूर्नामेंट की सबसे बेवकूफ़ टीम कौन है? वो साउथ अफ्रीका होगी क्योंकि अगर साउथ अफ्रीका ने सुपर 8 में वेस्टइंडीज को खुद को हराने दिया होता, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया होता। मैं बस इतना कह रहा हूं कि अगर उन्होंने वेस्टइंडीज को जीतने दिया होता, तो भारत का जो विजय रथ आगे बढ़ रहा था, वो वहीं रुक जाता।"
Also Read: LIVE Cricket Score
आगे बोलते हुए वॉन ने कहा, "वो मैच जीतकर, उन्होंने भारत के विजय रथ को आगे बढ़ने दिया। उसके बाद भारत ने जिम्बाब्वे को हराया, फिर एक तरह के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को और फिर इंग्लैंड को। साउथ अफ्रीका को इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना था और उन्होंने उस मैच के लिए अपने तीन खिलाड़ियों को आराम भी दिया था। देखिए, ऐसी चीज़ें होनी नहीं चाहिए और आमतौर पर होती भी नहीं हैं। मैं बस इतना कह रहा हूं कि अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं, तो सबसे अच्छा तरीका ये है कि आप सबसे अच्छी टीम को टूर्नामेंट से जल्दी बाहर कर दें।"