भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड वनडे सीरीज बेहद निराशाजनक रही है। इस सीरीज ने उनके वनडे विश्व कप 2027 का हिस्सा होने पर एक बार फिर सवाल उठा दिए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा बड़ी उम्मीदों के साथ न्यूजीलैंड आए थे। फैंस के बीच भी रोहित को लेकर रोमांच था कि वे न्यूजीलैंड सीरीज में अपनी करिश्माई बल्लेबाजी का प्रदर्शन करेंगे और उन्हें रोमांचित करेंगे। वनडे सीरीज के टिकट भी एडवांस में बिक चुके थे, लेकिन रोहित इस सीरीज में अपने और फैंस की भावनाओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके। पांच वनडे मैचों की सीरीज की 4 पारियों में रोहित के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया।

रोहित शर्मा 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में खाता नहीं खोल सके। 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में रोहित ने 23 रन बनाए थे। 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला गया तीसरा वनडे बारिश की वजह से धुल गया था। रोहित को बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला था। चौथा वनडे 13 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला गया जिसमें रोहित फिर खाता नहीं खोल सके। माउंट माउंगानुई में ही वनडे सीरीज का पांचवां और आखिरी वनडे खेला गया और रोहित मात्र 7 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह 4 पारियों में रोहित शर्मा दो बार शून्य पर आउट हुए और कुल 30 रन बना सके। रोहित शर्मा का संभवत: यह आखिरी न्यूजीलैंड दौरा था, जो बेहद निराशाजनक रहा।

पूर्व भारतीय कप्तान के निराशाजनक प्रदर्शन ने एक बार फिर से उनके वनडे विश्व कप 2027 का हिस्सा बनने पर सवालिया निशान लगा दिया है। विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में होना है, जहां कंडीशन न्यूजीलैंड से थोड़ा मिलता-जुलता है। ऐसे में न्यूजीलैंड में फ्लॉप शो का असर रोहित के विश्व कप खेलने की उम्मीदों के लिए चिंताजनक है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार