टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में दीपेंद्र सिंह ऐरी ने स्कॉटलैंड के खिलाफ दबाव भरे हालात में नाबाद अर्धशतक ठोककर नेपाल को ऐतिहासिक जीत दिलाई। साथ ही ऐरी टी20 वर्ल्ड कप में नेपाल के लिए इतिहास रचते हुए ऐसा वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 33वां मुकाबला मंगलवार (17 फरवरी) को नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में नेपाल ने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में 12 साल बाद यादगार जीत दर्ज की।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की पारी लड़खड़ाती नजर आ रही थी, लेकिन कप्तान रोहित पौडेल की टीम के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में नाबाद 50 रन ठोक दिए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
ऐरी ने चौथे विकेट के लिए गुलसन झा के साथ मिलकर महज 36 गेंदों में 73 रन की तेज साझेदारी कर मैच पूरी तरह नेपाल के पक्ष में मोड़ दिया। गुलसन झा ने 17 गेंदों में 24 रन का अहम योगदान दिया।
इस शानदार पारी के लिए ऐरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में नेपाल के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने एक से ज्यादा अर्धशतक लगाए हैं। इससे पहले उन्होंने इसी टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 58 रन की बेहतरीन पारी खेली थी।
आपको बता दें नेपाल के लिए टी20 वर्ल्ड कप में इससे पहले सिर्फ सुबाश खकुरेल ही अर्धशतक लगा पाए थे, जिन्होंने 2014 में अफगानिस्तान के खिलाफ 56 रन बनाए थे।
इतना ही नहीं, स्कॉटलैंड के खिलाफ ऐरी की 23 गेंदों में आई फिफ्टी एसोसिएट टीमों के खिलाड़ियों द्वारा टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी भी बन गई। ये रिकॉर्ड फिल्हाल नीदरलैंड्स के स्टीफन मायबर्ग के नाम है जिन्होंने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ 17 गेंदों पचास ठोका था।
टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के खिलाड़ियों की सबसे तेज अर्धशतकीय पारियां
- स्टीफन मायबर्ग (नीदरलैंड्स) – 17 गेंद, 2014
- एरॉन जोन्स (यूएसए) – 22 गेंद, 2024
- बेन मैनेंटी (इटली) – 22 गेंद, 2026
- संजय कृष्णमूर्ति (यूएसए) – 23 गेंद, 2026
- दीपेंद्र सिंह ऐरी (नेपाल) – 23 गेंद, 2026
Also Read: LIVE Cricket Score
दीपेंद्र सिंह ऐरी की इस ऐतिहासिक पारी के चलते नेपाल ने 7 विकेट से मुकाबला जीतकर टी20 वर्ल्ड कप में में 12 साल बाद जीत का स्वाद चखा। इससे पहले नेपाल ने इस टूर्नामेंट में आखिरी जीत 2014 में अफगानिस्तान के खिलाफ दर्ज की थी।