लाउडरहिल (फ्लोरिडा), 10 सितम्बर | अमेरिका की धरती पर 13 सितम्बर को पहली बार वनडे मैच को आयोजन होगा। यह मैच वर्ल्ड कप लीग 2 के तहत हो रही त्रिकोणीय सीरीज में पापुआ न्यू गिनी और मेजबान टीम के बीच खेला जाएगा। इस सीरीज में नामीबिया भी खेल रही है।
Advertisement
छह मैचों की त्रिकोणीय सीरीज 2023 विश्व कप को ध्यान में रखकर खेली जा रही है और इस सीरीज के माध्यम से अमेरिका और नामीबिया सीडब्ल्यूसी लीग-2 में पहली बार शिरकत कर रहे हैं। पीएनजी की यह दूसरी सीरीज है।
इस सीरीज के तहत लाउडरहिल में ये टीमें 11 दिनों के भीतर कुल चार-चार मैच खेलेंगी। तीनों टीमें लीग टेबल में अपनी छाप छोड़ने का प्रयास करेंगी।
अगले ढाई साल में अमेरिका, पीएनजी और नामीबिया को कुल 36 वनडे मैच खेलने हैं और इनमें से चार लाउडरहिल में खेले जाने हैं। हर टीम को इन मैचों से अधिकतम आठ अंक मिलेंगे।