Sunil Gavaskar 10000 Test Runs: 8 मार्च को भारत ने अहमदाबाद में ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला। वहीं, जब इसे, तब शहर से बाहर के मोटेरा में बने सरदार पटेल स्टेडियम कहते थे, 7 मार्च 1987 को, सुनील गावस्कर, भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट के दौरान 10,000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। 

Advertisement

अहमदाबाद का जिक्र क्रिकेट में कई 'फर्स्ट' से जुड़ा है और गावस्कर का ये रिकॉर्ड उनमें से एक है। गावस्कर आखिर में, 214 पारी में 51.12 औसत से 34 शतक के साथ 10,122 रन के रिकॉर्ड पर रिटायर हुए। गावस्कर के इस 10,000 रन के रिकॉर्ड के बारे में बहुत कुछ लिखा जा चुका है, लेकिन क्या किसी को वह गेंदबाज याद है, जिसकी गेंद पर स्ट्रोक खेल गावस्कर ने अपना 10,000वां रन बनाया था? 

Advertisement

पाकिस्तान के उस 1987-88 के टूर में अहमदाबाद में टेस्ट से पहले तौसीफ अहमद बीमार पड़ गए और उनकी जगह लेने बोर्ड ने उन एजाज फकीह को भेज दिया जो नवंबर 1981 के बाद से टीम से बाहर थे। यह कॉल उनके साधारण टेस्ट करियर की सबसे अच्छी याद बन गई। पाकिस्तान के लिए सिर्फ़ 5 टेस्ट खेले, जिसमें 4 विकेट लिए। इसी से ये सवाल उठता है कि पाकिस्तान ने एक स्पेशलिस्ट बॉलर की जगह लेने, एक साधारण रिकॉर्ड वाले एजाज को कैसे चुना? वह एक अच्छे ऑल-राउंडर थे और टेस्ट में बैट के साथ चमके। इमरान खान के साथ 154 रन की पार्टनरशिप की। यह अहमदाबाद टेस्ट ड्रॉ रहा और इसे हमेशा उस टेस्ट के तौर पर याद किया जाता है जिसमें गावस्कर (टेस्ट में कुल 63 रन) ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। 

एजाज को कोई याद नहीं करता। टॉस जीतने के बाद, पाकिस्तान ने दो दिन बैटिंग करने के बाद (187 से ज़्यादा ओवर खेलकर) 395 रन का स्कोर बनाया। एजाज को बुलाना तब एक मास्टर स्ट्रोक लगा, क्योंकि एजाज ने 105 रन (उनका इकलौता टेस्ट 100, 7 चौके और 4 छक्के) और कप्तान इमरान खान ने 72 रन बनाए। 

भारत की पारी में, गावस्कर ने अपने 58वें रन के साथ अपने 10,000 रन पूरे किए। तब दिलीप वेंगसरकर नॉन-स्ट्राइकर थे। अगर आज गावस्कर के उस तेज़ सिंगल (जिससे उनका स्कोर 57 से 58 हो गया) का वीडियो देखना चाहें तो क्या ये उपलब्ध है? तब की रिपोर्ट के अनुसार, भीड़ सुनील गावस्कर को बधाई देने ग्राउंड में घुस आई और कुछ देर के लिए खेल रुक गया। इस ऐतिहासिक पल की वीडियो रिकॉर्डिंग अब उपलब्ध नहीं है और ब्रॉडकास्टर दूरदर्शन ने एक अखबार के RTI के जवाब में ये मान भी लिया कि रिकॉर्डिंग उनके आर्काइव में नहीं है और खो गई है। 

गावस्कर वीडियो के खोने को बदकिस्मती तो मानते हैं पर हालत को समझते हुए बोले, 'उन दिनों, टेक्नोलॉजी इतनी एडवांस्ड नहीं थी और शायद इसलिए वे इसे आर्काइव नहीं कर सके थे। इस वजह से उन्होंने बहुत सारी फाइलें और पेपर्स खो दिए होंगे। लेकिन अब तो उन्हें यह पक्का करना चाहिए कि आगे से, ठीक से आर्काइव करें।’ 

Advertisement

गावस्कर ने अपने स्कोर को 100 में न बदला पर वेंगसरकर ने 100 बनाया जिससे भारत 323 रन पर पहुंच गया। मैच आखिर में ड्रॉ रहा। इसके बाद, कुछ और बल्लेबाज ने भी टेस्ट में 10,000 रन का रिकॉर्ड बनाया है। 

इस रिकॉर्ड के कई साल बाद, गावस्कर ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। वे बोले, पाकिस्तान के पूर्व PM और कप्तान, इमरान खान ने इस रिकॉर्ड के बनने में बड़ा ख़ास रोल निभाया। DP वर्ल्ड ड्रेसिंग रूम शो में, गावस्कर ने ये स्टोरी बताई: 

1986 में, लंदन में, इमरान और गावस्कर, एक दोस्त के साथ, लंच के लिए एक इटैलियन रेस्टोरेंट गए। वहां गावस्कर ने दोस्ताने में, इमरान को बता दिया कि वे रिटायर हो रहे हैं। इमरान एकदम बोल पड़े, ‘तुम ऐसा नहीं कर सकते।’ 

Advertisement

गावस्कर ने कहा, ‘इसका क्या मतलब हुआ कि मैं ऐसा नहीं कर सकता। मेरा करियर है और ये मेरी चॉइस है’। 

‘नहीं, पाकिस्तान टीम भारत आ रही है सीरीज खेलने और मैं उस भारत की टीम से जीतना चाहता हूं जिसमें टीम में तुम्हारा नाम भी हो,' इमरान ने जवाब दिया और गावस्कर को रुकने की सलाह दी, जिसे गावस्कर मान गए। यदि गावस्कर, जैसा सोचा था, वैसे ही रिटायर हो जाते तो वह 9200-9300 रन के रिकॉर्ड पर ही होते। पाकिस्तान टीम के टूर से पहले, भारत में दो और सीरीज भी थीं और इनमे रन बना, गावस्कर 10,000 रन के करीब पहुंच गए। 

एक और हैरान करने वाला फैक्ट:  एजाज फकीह को टेस्ट में मैन ऑफ द मैच चुना, तब भी कोई उन्हें याद नहीं करता। कराची में जन्मे इस ऑलराउंडर (दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिनर) ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट तो कई साल खेला पर उनका इंटरनेशनल रिकॉर्ड कुछ ख़ास नहीं रहा। उस अहमदाबाद  टेस्ट में, जो पहली गेंद फेंकी, उसी पर ओपनर के श्रीकांत का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया था। इधर अहमदाबाद टेस्ट खत्म हुआ और उधर तौसीफ फिट हो गए। इस तरह अहमदाबाद में 100 बनाने वाले और मैन ऑफ द मैच को अगले टेस्ट की टीम से बाहर कर दिया। एजाज ने 1988 की शुरुआत में वेस्टइंडीज में पाकिस्तान के लिए दो और टेस्ट खेले। 

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

चरनपाल सिंह सोबती

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Read More
ताजा क्रिकेट समाचार