4 फरवरी। आस्ट्रेलिया ने सोमवार को यहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में श्रीलंका को 366 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही आस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज 2-0 से अपने नाम की। मेजबान टीम द्वारा दिए गए 516 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका अपनी दूसरी पारी में महज 149 रनों पर ही सिमट गई। उसके बल्लेबाज केवल 51 ओवर ही बल्लेबाजी कर पाए। 

Advertisement

श्रीलंका ने चौथे दिन रविवार के अपने स्कोर 17 रनों से आगे खेलना शुरू किया। मेहमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम के कुल योग में एक ही रन जुड़ा था कि दिमुथ करुणारत्ने (8) को मिशेल स्टार्क ने आउट कर दिया। 

Advertisement

दिन के शुरुआत में ही लगे इस झटके से श्रीलंका की टीम उबर नहीं पाई और उसने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। उसने 100 रनों के भीतर ही अपने छह विकेट गंवा दिए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कुसल मेंडिस ने जरूर 42 रन बनाए, लेकिन वह भी अपनी टीम की लड़खड़ाती पारी को संभाल नहीं पाए। 

मेंडिस के अलावा, सलामी बल्लेबाज लाहिरू थिरिमाने ने ही 30 का आंकड़ा छुआ। निरोशन डिकवेला ने 27 और चमिका करुणारत्ने ने महज 22 रनों का योगदान दिया। 

दूसरी ओर, आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्टार्क फॉर्म में नजर आए। उन्होंने धारदार गेंदबाजी की और 46 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने इस मैच में 100 रन देकर 10 विकेट अपने नाम किए जिसके कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। 

श्रीलंका की दूसरी पारी में पैट कमिंस ने बेहतरीन गेंदबाजी की। कमिंस ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा, झाए रिचर्डसन और मारनस लाबुशाने को एक-एक विकेट मिला। 

Advertisement

पहले टेस्ट मैच में भी आस्ट्रेलिया ने एक पारी और 40 रनों से श्रीलंका को करारी शिकस्त दी थी। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद आस्ट्रेलिया के लिए यह सीरीज जीतना बहुत महत्वपूर्ण था। उसे इस वर्ष इंग्लैंड के खिलाफ प्रतिष्ठित एशेज सीरीज भी खेलनी है। 

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार