राजकोट, 5 अक्टूबर (CRICKETNMORE)| वेस्टइंडीज के खिलाफ पदार्पण के साथ ही शतक लगाकर इतिहास रचने वाले भारत के 18 वर्षीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने यह ऐतिहासिक शतक अपने पिता को समर्पित किया। वेबसाइट 'ईएसपीएन' की रिपोर्ट के अनुसार, शॉ ने कहा कि उनके पिता ने उनके लिए कई त्याग किए हैं और इसलिए यह शतक उनके नाम है। 

Advertisement

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दिन अपनी पहली पारी में गुरुवार को शॉ ने 134 रनों की शतकीय पारी खेली थी। वह अपने पदार्पण टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। 

Advertisement

पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद संवाददाता सम्मेलन में शॉ ने कहा, "मैं यह शतक अपने पिता को समर्पित करना चाहता हूं। उन्होंने मेरे लिए कई त्याग किए हैं और अब भी कर रहे हैं। मेरे अब तक के सफर में वह काफी मददगार रहे हैं। जब भी मैं कभी निराश हुआ हूं, या घबराया हूं, तो उनका समर्थन मेरे साथ रहा।"

शॉ ने कहा कि उनके पिता को क्रिकेट के बारे में अधिक समझ नहीं है, लेकिन उन्होंने कई वर्षो तक मुझे खेलते देखा है। उन्होंने कहा कि मैदान पर जाओ और अपना वैसा ही खेल दिखाओ, जो प्रथम श्रेणी के मैचों में दिखाते हो। अपना पदार्पण मैच खेलो, बिना किसी दबाव के।

बकौल शॉ, "मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश की। मुझे यहां एक अवसर मिला और मैं इससे खुश हूं। शुरुआत में मैं थोड़ा घबराया हुआ था लेकिन 10-15 ओवरों के बाद मैं सहज हो गया।"

लेखक के बारे में

Athar Ansari
►Journalist (Haider Bilal) Read More
ताजा क्रिकेट समाचार