SA vs IND: भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टेस्ट कप्तान विराट कोहली की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि विराट जहां भी वह खेले हैं, बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कोहली उन क्रिकेटरों में से एक हैं जो हर समय बेहतर करने का प्रयास करते हैं और खुद को आगे बढ़ाते रहते हैं। साउथ अफ्रीका के अपने तीसरे दौरे पर कोहली देश के लिए पहली सीरीज जीतने के लिए उत्सुक होंगे।
राहुल द्रविड़ ने विराट के बारे में बात करते हुए आगे कहा, "मेरे सामने विराट कोहली ने डेब्यू किया था। उन्होंने मेरे साथ ही अपना पहला टेस्ट मैच खेला था और मैंने उस विशेष खेल में उसके साथ बल्लेबाजी की थी। यह वास्तव में देखना अच्छा है कि 10 सालों में वह एक क्रिकेटर के रूप में कैसे विकसित हुए हैं।"
बता दें कि बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर राहुल द्रविड़ का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें द्रविड़ ने कहा है कि, "विराट ने बल्ले और अपने नेतृत्व से भारत को कई मैचों में सफलताएं दिलाई हैं। साथ ही कई मायनों में उन्होंने टीम में फिटनेस, ऊर्जा और महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाया है, जो की बहुत अच्छी बात है। उन्होंने हमेशा सुधार किया है, जिससे टीम को लगातार बेहतर करने में आसानी हुई है।" द्रविड़ का मानना है कि टेस्ट टीम में बहुत सारे विकल्प होना भारतीय क्रिकेट के विकास के लिए अच्छा है।