कोलंबो/नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.) । दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों का दिलेरी से सामना करते हुए आज यहां दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच ड्रा कराकर सीरीज 1-0 से जीतने के साथ ही आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में फिर से नंबर वन स्थान हासिल कर लिया है।

Advertisement

दक्षिण अफ्रीका ने 369 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ड्रॉ के उद्देश्य से ही बल्लेबाजी की और आखिर में वह 111 ओवरों में 8 विकेट पर 159 रन बनाकर इसमें सफल भी रहा। दक्षिण अफ्रीका ने गाले में खेला गया पहला टेस्ट मैच 153 रन से जीता था। सीरीज जीतने से उसने ऑस्ट्रेलिया से फिर से नंबर एक की रैंकिंग हासिल कर दी। दक्षिण अफ्रीका ने पिछले 21 साल में श्रीलंका में पहली बार सीरीज जीती। वह इस देश में दूसरी बार सीरीज जीतने में सफल रहा। ग्रीम स्मिथ के संन्यास लेने के बाद पहली बार हाशिम अमला की अगुवाई में खेल रहे दक्षिण अफ्रीका ने पिछले 8 साल में विदेश में सीरीज नहीं गंवाने का अपना रिकॉर्ड भी बरकरार रखा।

Advertisement

मैच ड्रॉ कराने में दक्षिण अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाजों विशेषकर वर्नोन फिलैंडर ने अहम भूमिका निभाई जिन्होंने अंतिम क्षणों में एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 98 गेंदों का सामना करके नाबाद 27 रन बनाए और श्रीलंका की आखिरी दो विकेट लेकर सीरीज बराबर करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। श्रीलंका की तरफ से बायें हाथ के स्पिनर रंगना हेराथ 45 ओवरों में 40 रन देकर पांच जबकि दिलरूवान परेरा ने 44 ओवर में 60 रन देकर तीन विकेट हासिल किये। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में श्रीलंका की तरफ से 107 ओवर स्पिनरों ने किये। अमला जब 13 रन पर थे तब हेराथ की गेंद पर कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने स्लिप में उनका कैच छोड़ा। बायें हाथ के इस स्पिनर ने हालांकि क्विंटन डि काक (37) और एबी डिविलियर्स (12) के विकेट लेकर चाय के विश्राम तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 104 रन कर दिया। दूसरे सत्र में दक्षिण अफ्रीका ने 47 ओवरों में केवल 49 रन बनाये।

अमला ने लगभग तीन घंटे तक एक छोर संभाले रखा लेकिन चाय के विश्राम के तुरंत बाद परेरा ने उन्हें माहेला जयवर्धने के हाथों कैच कराकर श्रीलंका को महत्वपूर्ण सफलता दिलायी। हेराथ ने चार ओवर बाद फाफ डु प्लेसिस (10) को पवेलियन भेज दिया। बारिश के कारण बीच में फिर से खेल रोकना पड़ा। इससे श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फिरने की संभावना बन गयी। लेकिन कुछ देर बाद ही धूप चमकने लगी। खेल शुरू होने पर परेरा ने जेपी डुमिनी को पगबाधा आउट किया जिन्होंने 65 गेंद खेलकर तीन रन बनाये। उन्होंने पहली पारी में भी 58 गेंदों पर तीन रन बनाये थे। डुमिनी ने रेफरल का सहारा भी लिया लेकिन तीसरे अंपायर ने भी उनके खिलाफ ही फैसला सुनाया। दक्षिण अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाजों के सामने लगभग 14 ओवर तक क्रीज पर टिके रहने की चुनौती थी।

परेरा ने डेल स्टेन (6) को आउट करके पारी में पांचवां विकेट लिया लेकिन इमरान ताहिर (21 गेंद पर नाबाद 4) ने आखिर तक फिलैंडर का अच्छा साथ दिया। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 421 रन बनाये थे। उसने दक्षिण अफ्रीका को 282 रन पर आउट करके 139 रन की बढ़त हासिल की थी। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 8 विकेट पर 229 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/अनूप

Advertisement

 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार