No Handshake Controversy in Cricket: हाल के महीनों में, क्रिकेट ग्राउंड में 'हाथ मिलाने यानि कि हैंडशेक (टॉस पर और मैच के बाद)' की औपचारिकता का न हो पाना एक बहुत बड़ा विवाद और चर्चा का मुद्दा बना रहा। ये किस्सा एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच से शुरू हुआ। पाकिस्तान के सलमान आगा और भारत के सूर्यकुमार यादव कप्तान थे और दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आगे की स्टेज के मैचों के दौरान भी दोनों ने और टीम ने हाथ नहीं मिलाया।

Advertisement

इस पर खूब हंगामा हुआ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तो इसे एक शिकायत बना, मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को टूर्नामेंट के बीच में ही हटाने की मांग भी की (जिसे आईसीसी ने नहीं माना)। उसके बाद 'नो हैंडशेक' का सिलसिला, क्रिकेट में भारत की महिला और अंडर 19 टीम ने भी जारी रखा। इसी से सवाल उठता है कि क्या इस बार कोलंबो में हाथ मिलाएंगे?

हाथ मिलाने (या न मिलाने) के इस मुद्दे पर, इन मिसाल पर हुई हर चर्चा में आमतौर पर यही झलक मिली कि क्रिकेट में ये बड़ी अनोखी घटना है और पहली बार इस मुद्दे पर विवाद हो रहा है। सच ये है कि क्रिकेट में हाथ न मिलाने को आपसी नाराजगी दिखाने के तौर पर इस्तेमाल करने का तो बड़ा मजेदार इतिहास है। ढेरों किस्से हैं पर यहां हाल के सालों के कुछ किस्सों की चर्चा करते है:

* 1995/96 की ऑस्ट्रेलियाई समर में सिडनी में दूसरे वर्ल्ड सीरीज़ कप फाइनल के बाद, जब ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मार्क टेलर ने हाथ आगे बढ़ाया तो श्रीलंका के क्रिकेटरों ने हाथ मिलाने से मना कर दिया था। असल में उस 20 जनवरी1996 वाले मैच में हुआ ये कि बैटिंग करते हुए श्रीलंका के कप्तान अर्जुन रणतुंगा को क्रैम्प से परेशानी हुई तो उन्होंने रनर मांगा। इस पर ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर इयान हीली ने ताना कसा (जिसे स्टंप माइक्रोफ़ोन के जरिए सब ने सुना), 'ज़्यादा वजन वाले मोटों को रनर नहीं मिलता।' ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कहा कि ये 'सबसे धीमे रनर' की जगह, 'बिजली की तरह तेज भागने वाले' सनथ जयसूर्या को गलत तरीके से लाने की चाल हैं और रनर देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, जब राणातुंगा आउट हुए तो वॉर्न ने उन्हें गाली दी।

राणातुंगा को ये बर्ताव बड़ा बुरा लगा और उन्होंने श्रीलंकाई टीम को कह दिया कि मैच के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों से कोई हाथ नहीं मिलाएगा। इसे 'नो-हैंडशेक' के सबसे बदनाम किस्सों में से एक गिनते हैं।

* फरवरी 2023 में, नेपाल के कीर्तिपुर में नेपाल, स्कॉटलैंड और नामीबिया के बीच ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 सीरीज़ के दौरान, नेपाल टीम में संदीप लामिचाने को चुनने (उन पर जबरदस्ती सेक्स का आरोप था और जमानत पर जेल से बाहर थे) का दोनों टीम विरोध कर रही थीं (हालांकि आईसीसी ने खेलने होने की इजाज़त दी थी)। नामीबिया ने इस पर विरोध की शुरुआत की और मैच के बाद, उनके खिलाड़ियों ने नेपाल के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। उधर स्कॉटलैंड के क्रिकेटरों ने मैच के बाद लामिछाने से हाथ नहीं मिलाया पर बाकी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया। 2024 में अपील पर लामिछाने की रेप की सज़ा रद्द हो गई थी।

* आईपीएल 2023 इस मामले में बड़ी खराब रही। 23 अप्रैल को, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच मैच के बाद, विराट कोहली और DC के क्रिकेट डायरेक्टर सौरव गांगुली ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया और सीधे निकल गए। इस 'नो-हैंडशेक' के बाद, कोहली ने गांगुली को सोशल मीडिया पर अन-फॉलो कर दिया और BCCI के पूर्व प्रेसिडेंट गांगुली ने भी जवाब में वही किया। असल में विराट नाराज़ थे क्योंकि उन्हें लग रहा था कि उन से ODI कप्तानी छीनने में, BCCI प्रेसिडेंट के तौर पर गांगुली का हाथ था।

* अभी ये चर्चा चल ही रही थी कि विराट एक और मामले में उलझ गए। इस बार 1 मई के RCB के मैच के दौरान पहले तो LSG के क्रिकेटर नवीन-उल-हक के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई और मैच के बाद टीमों के 'हैंडशेक' के दौरान दोनों फिर से आपस में उलझ गए। LSG के कप्तान केएल राहुल ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। तभी LSG के मेंटर गौतम गंभीर भी बीच में पड़ गए और इससे तो विराट और उनके बीच तो मानो झगड़ा ही हो गया और स्थिति और बिगड़ गई।

* नवंबर 2023 में एक बड़ा अजीब किस्सा हुआ। श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज इंटरनेशनल क्रिकेट में टाइम आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने। असल में हुआ ये कि दिल्ली में बांग्लादेश के साथ वर्ल्ड कप ग्रुप मैच के दौरान, मैथ्यूज बैटिंग के लिए पिच पर आ गए थे पर इस से पहले कि स्ट्राइक लेते, हेलमेट स्ट्रैप टूट गया। नया मंगाया तो देरी होनी ही थी और बांग्लादेश ने 'टाइम आउट' की अपील कर दी। इसे श्रीलंका ने 'स्पिरिट ऑफ  क्रिकेट' के उलट माना और मैथ्यूज को आउट करने की ‘गलत’ अपील के गुस्से में बांग्लादेश के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से मना कर दिया।

* सबसे मजेदार किस्सा तो पिछले साल की अपनी टीम इंडिया का है। ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में, मैच खत्म होने के करीब था और उधर रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर अपने-अपने टेस्ट 100 के करीब थे। तभी इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने मैच को ड्रॉ के तौर पर रोकने का ऑफर दिया। नोट करने वाली बात ये कि ये ऑफर कैसे दिया था? स्टोक्स ने हैंडशेक के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया और जवाब में दोनों रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर की जोड़ी ने हैंडशेक से इनकार कर दिया। इस पर कुछ मनमुटाव तो हुआ पर उन हालात में अपनी-अपनी सोच का मामला था ये।

Also Read: LIVE Cricket Score

चरनपाल सिंह सोबती
 

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार