ब्रिस्बेन/नई दिल्ली, 17 दिसंबर (हि.स.) । सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (144) के शानदार शतक और अजिंक्य रहाणे (नाबाद 75) की बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ शुरू हुए बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के पहले दिन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में चार विकेट गंवाकर 311 रन बना लिए हैं। अपने करियर का छठा अर्द्धशतक लगाने वाले अजिंक्य रहाणे ने 122 गेंदों का सामना कर सात चौके लगाए हैं। रोहित शर्मा 26 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। रोहित और रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए अब तक 50 रनों की साझेदारी की है। रोहित ने 34 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया है।

ब्रिस्बेन टेस्ट का पहला दिन मुरली विजय के नाम रहा। एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में 99 रनों पर आउट होने वाले विजय ने आखिरकार इस श्रृंखला में अपना पहला शतक पूरा किया। विजय ने 332 मिनट विकेट पर रहते हुए 213 गेंदों का सामना कर 22 चौके लगाए। रहाणे के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी साझेदारी 124 रनों की रही। भारत ने 83 ओवर बल्लेबाजी की। इस साझेदारी के दौरान दोंनों बल्लेबाज काफी दृढ़ नजर आ रहे थे, लेकिन नाथन लियॉन की एक आसान-सी गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में विजय विकेट से बाहर निकले और गच्चा खा गए। ब्रैड हेडिन ने स्टम्प करने में कोई गलती नहीं की। विजय का विकेट 261 रन के कुल योग पर गिरा। मुरली विजय ने ब्रिस्बेन में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने की सौरव गांगुली के रिकॉर्ड की बराबरी की।

भारत ने विजय के अलावा सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा और एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले विराट कोहली के विकेट गंवाए हैं। धवन 56 के कुल योग पर मिशेल मार्श की गेंद पर विकेट के पीछे ब्रैड हेडिन के हाथों लपके गए। धवन का विकेट 14वें ओवर की चौथी गेंद पर गिरा। विजय और धवन ने 4.09 के औसत से रन बटोरे थे। इसके बाद पुजारा और विजय ने दूसरे विकेट के लिए 44 रनों की ठोस साझेदारी की। दोनों भोजनकाल तक नाबाद थे। पुजारा 18 रन बनाने के बाद 100 के कुल योग पर अपने करियर का पहला टेस्ट खेल रहे जोश हेजलवुड की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। पुजारा ने 64 गेंदों पर एक चौका लगाया। इसके बाद एडिलेड के हीरो कोहली विकेट पर आए। वह काफी अच्छी लय में दिख रहे थे। तेजी से रन बनाते दिख रहे कोहली हालांकि पारी के 45वें ओवर में हेजलवुड की एक बाहर जाती गेंद को कट करने के प्रयास में विकेट के पीछे लपके गए। कोहली ने 27 गेंदों पर एक चौके की मदद से 19 रन बनाए।

कुल मिलाकर पहला दिन ऑस्ट्रेलिया के लिए खास अच्छा नहीं रहा। भारत को अच्छी स्थिति में जाने से उसके गेंदबाज नहीं रोक पाए और इसी प्रक्रिया में हरफनमौला खिलाड़ी मिशेल मार्श हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैदान से बाहर जाने को मजबूर हुए। मार्श को भोजनकाल से ठीक पहले मैदान से बाहर ले जाया गया। मार्श ने पहले सत्र में भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का विकेट लिया था।

इस सीरीज़ में मार्श हैमस्ट्रिंग के कारण मैदान से बाहर जाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। एडिलेड में हुए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन कप्तान माइकल क्लार्क की हैमस्ट्रिंग चोटिल हुई थी और वह अब सीरीज़ से बाहर हो चुके हैं। सीए ने इस बात की पुष्टि की है कि मार्श का दायां हैमस्ट्रिंग चोटिल हुआ है और उसमें सूजन है। वर्ष 2012 में मार्श के बाएं हैमस्ट्रिंग का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन इस बार उनका दायां हैमस्ट्रिंग चोटिल हुआ है। भारत ने इस मैच के लिए तीन बदलाव किए हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम में वापसी की है, लिहाजा ऋद्धिमान साहा को बाहर बैठना पड़ा। मोहम्मद शामी के स्थान पर उमेश यादव अंतिम एकादश में हैं और स्पिन विभाग में कर्ण शर्मा के स्थान पर रविचंद्रन अश्विन को मौका मिला है।
ऑस्ट्रेलिया भी तीन बदलावों के साथ मैदान में उतरा है। नियमित कप्तान माइकल क्लार्क के स्थान पर शॉन मार्श को मौका मिला है। क्लार्क की जगह स्टीवन स्मिथ कप्तानी कर रहे हैं। जोश हेजलवुड पदार्पण कर रहे हैं और पीटर सिडल के स्थान पर मिशेल स्टार्क को मौका मिला है। हेजलवुड, रयान हैरिस का स्थान लेंगे, जो चोटिल हैं। भारत को इस मैदान पर जीत का खाता खोलना है। भारत ने इस मैदान पर अब तक पांच मैच खेले हैं, लेकिन उसे एक में भी जीत नहीं मिली है। अंतिम बार दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर दिसंबर, 2003 में सामना हुआ था, जो बराबरी पर छूटा था। खास बात यह है कि इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया 1988 के बाद से अब तक नहीं हारा है। चार मैचों की टेस्ट सीरीज़ में मेजबान टीम 1-0 से आगे है। उसने एडिलेड में भारत को 48 रन से हराया था।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/गोविन्द

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार