रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का पहला सेमीफाइनल यहां के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में अपने युग को दो महानतम खिलाड़ियों- सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली इंडिया लेजेंड्स और ब्रायन लारा की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज लेजेंड्स के बीच खेला जाएगा। अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज लेजेंड्स ने मंगलवार को खेले गए वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया। 

Advertisement

टॉस हारने के बाद पहले खेलते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवरों मे तीन विकेट पर 186 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया लेकिन ड्वायन स्मिथ (58 रन, 31 गेंद, 9 चौके, 2 छक्के) तथा नरसिंह देवनारायण (नाबाद 53 रन, 37 गेंदो, 6 चौके) के शानदार अर्धशतकों की मदद से कैरेबियाई टीम ने इंग्लैंड को एकतरफा तरीके से हराकर सेमीफाइनल खेलने का सौभाग्य प्राप्त किया।

इंडिया लेजेंड्स ने छह में से पांच मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। उसे इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र हार मिली थी। भारतीय खिलाड़ियों ने बुधवार को होने वाले अहम मुकाबले से पहले मंगलवार को भरी दोपहरी में जमकर नेट पर पसीना बहाया।

खुद कप्तान सचिन ने इस प्रैक्टिस सेशन की अगुवाई की और पूरे दो घंटे टीम के साथ रहकर सभी की तैयारियों को गम्भीरता से देखते और परखते रहे।

बहरहाल, विंडीज लेजेंड्स की यह छह मैचों में तीसरी जीत है। कैरेबियाई टीम को हालांकि लगातार दो मैच के साथ खेलने पड़ रहे हैं लेकिन सोमवार की जीत इतनी उत्साह देने वाली रही कि लारा की टीम 20 घंटे बाद फिर कमर कसकर मैदान पर उतरकर इंडिया लेजेड्स को हराना चाहेगी।

Advertisement

इस मैच के टिकट बिक चुके हैं। दर्शकों में इस मैच को लेकर जबरदस्त रोमांच है। इंडिया लेजेंड्स ने पिछले दिनों जब साउथ अफ्रीका लेजेंड्स के खिलाफ मैच खेला था तब तकरीबन 45 हजार दर्शकों ने स्टेडियम का रुख किया था।

दूसरे सेमीफाइनल में 19 मार्च को श्रीलंका लेजेंड्स का सामना दक्षिण अफ्रीका लेजेंड्स से होगा। श्रीलंका लेजेंड्स ने 6 में से पांच मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की थी। उसके कुल 20 अंक थे।

इसी तरह दक्षिण अफ्रीका लेंजेंड्स ने छह में से चार मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। उसके खाते में कुल 16 अंक आए।

Advertisement

इंग्लैंड और बांग्लादेश को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। बांग्लादेश को छह में से सिर्फ एक मैच में जीत मिली जबकि इंग्लैंड को छह में से से तीन जीत और तीन हार मिली।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार