आईपीएल के बाद भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करते हुए भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खुलकर बात की। क्रिकेट कमेंट्री को लेकर माही का नजरिया सामने आया है, जिसने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने बताया कि यह रोल बाहर से जितना आसान दिखता है, अंदर से उतना ही चुनौतीपूर्ण है।
एमएस धोनी भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन आईपीएल के जरिए वह अब भी क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। 44 साल की उम्र में भी धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैदान पर उतरते नजर आते हैं और फैंस हमेशा यह जानने को उत्सुक रहते हैं कि क्रिकेट के बाद माही आगे क्या करेंगे।
हाल ही में यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर जतिन सप्रू ने धोनी से पूछा कि क्या वह भविष्य में कमेंट्री करने की सोच रहे हैं। इस पर माही ने साफ शब्दों में कहा कि उनका कमेंट्री में आने का कोई प्लान नहीं है।
धोनी ने बताया कि कमेंट्री एक बेहद नाजुक और मुश्किल काम है, जहां खेल का वर्णन करते-करते कब किसी खिलाड़ी की आलोचना की सीमा पार हो जाए, इसका पता भी नहीं चलता। उन्होंने कहा कि हार के पीछे वजहें बताना जरूरी होता है, लेकिन उसे इस तरह पेश करना भी एक कला है ताकि किसी को बुरा न लगे।
इसके साथ ही माही ने माना कि आंकड़ों को याद रखना उनके लिए बेहद मुश्किल काम है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कई लोग पूरे क्रिकेट इतिहास के आंकड़े याद रखते हैं, जबकि उन्हें खुद के रिकॉर्ड तक ठीक से याद नहीं रहते, जो कमेंट्री के लिए जरूरी स्किल मानी जाती है। कुल मिलाकर धोनी फिलहाल कमेंट्री की दुनिया से दूर रहना ही पसंद कर रहे हैं और क्रिकेट को मैदान पर ही एन्जॉय करना चाहते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल के पिछले सीजन की बात करें तो धोनी ने नियमित कप्तान रुतराज गायकवाड़ के चोटिल होने के चलते बीच टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाली थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही। बल्ले से भी माही का सीजन खास नहीं रहा, जहां उन्होंने 13 पारियों में 196 रन बनाए। ऐसे में इस सीजन फैंस को उनसे वापसी की उम्मीद रहेगी।