लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी (Ayush Badoni) आईपीएल 2022 में अब तक अपने खेल से प्रभाव छोड़ने में सफल रहे। दबाव भरी परिस्थितियों में भी वह उभर कर आए हैं और अपनी काबिलियत का नमूना पेश किया है। गुरुवार (7 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2022 के मुकाबले में एमएस धोनी की तरह बदोनी ने छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई और विराट कोहली की तरह सेलिब्रेट किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
22 साल के बदोनी ने विजयी छक्का जड़ने के बाद बिल्कुल कोहली के अंदाज में अपनी जर्सी के पीछे लिखे अपने नाम और जर्सी नंबर की तरफ इशारा किया और एनिमेटेड फिस्ट पंप किया।
After MS Dhoni, we will now have a BA Doni!#Badoni#IPL #IPL2022
— Mohandas Menon (@mohanstatsman) April 7, 2022
बदोनी 4 पारियों में अब तक 2 बार नाबाद रहे हैं और दोनों बार टीम के लिए विजयी रन भी बनाए हैं। बदोनी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ डेब्यू मैच में शानदार अर्धशतक जड़ा था और 41 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली थी। जब वह खेलने आए थे उस समय लखनऊ की टीम 29 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी।