इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध द गाबा में इतिहास रच दिया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में महज 12 रन देकर 5 विकेट झटके। इसी के साथ ओवरटन इस मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले यहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मिचेल स्टार्क का था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे।
सीरीज के तीसरे टी20 मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम से सैम हार्पर और जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की। मैकगर्क 11 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हार्पर ने 14 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इनके अलावा, निखिल चौधरी ने 19 रन, जबकि मिचेल ओवन ने 17 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि लियाम डॉसन ने 3 विकेट झटके।
जेमी ओवरटन का यह प्रदर्शन, 5वें या उससे नीचे के क्रम पर गेंदबाजी करने वाले किसी तेज गेंदबाज का दूसरा सबसे बेहतरीन टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी आंकड़ा है। इस मामले में उनसे आगे केवल उमर गुल हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।