एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल-2 में पाकिस्तान-ए ने बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से मात दी। शुक्रवार को वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले को जीतकर पाकिस्तानी टीम ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। रविवार को फाइनल में पाकिस्तान-ए का सामना श्रीलंका-ए से होगा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए। इस टीम ने महज 15 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शहादत हुसैन ने मोर्चा संभाला।
हुसैन ने महिदुल इस्लाम अंकोन के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अंकोन 78 गेंदों में 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि 118 के स्कोर तक 5 खिलाड़ी पवेलियन लौट गए।