सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT 2026-27) के सुपर लीग चरण से पहले मुंबई की टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के टूर्नामेंट के अगले चरण में मुंबई की टीम से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो मुंबई की बल्लेबाजी को काफी मजबूती मिलेगी। हालांकि, इस दौरान अय्यर को सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में खेलना होगा।
दरअसल, श्रेयस अय्यर के टीम में शामिल होने के बाद कप्तानी को लेकर सवाल उठ रहे थे। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) फिलहाल टीम के नेतृत्व में कोई बदलाव करने की योजना नहीं बना रहा है। ऐसे में अय्यर टीम से जुड़ते हैं, तो सूर्यकुमार यादव ही कप्तान बने रहेंगे।
सूर्यकुमार की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन कर रही मुंबई
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया और 7 में से 6 मैच जीतकर सुपर लीग में अपनी जगह पक्की की। इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार का बल्ला भी जमकर चला है। उन्होंने छह पारियों में 214 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 53.50 और स्ट्राइक रेट 230 का रहा है। वहीं इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले हैं।