मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को फिर से टीम का कप्तान बना दिया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार (27 नवंबर) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए इसकी पुष्टि कर दी है। रोहित तीन साल बाद एक बार फिर मुंबई की कमान संभालेंगे।
Smile, everybody smile MumbaiIndians CaptainRo https://t.co/YUqYZTQxu9
Mumbai Indians (mipaltan) November 27, 2026
इससे पहले 2024 में टीम ने उनकी जगह हार्दिक पंड्या को कप्तानी सौंपी थी, जिन्हें उस साल गुजरात टाइटंस से ट्रेड करके मुंबई में शामिल किया गया था। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब हार्दिक के पंजाब किंग्स में जाने और अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में आने के बाद टीम ने कप्तानी की जिम्मेदारी रोहित को वापस सौंप दी है।
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते पांच खिताब
रोहित शर्मा को 2013 में सीजन के बीच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिली थी और उसी साल टीम को खिताब दिलाकर अपनी कप्तानी का दम दिखाया। इसके बाद उनकी अगुवाई में मुंबई ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी ट्रॉफी जीती। इस तरह रोहित आईपीएल में पांच खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने।