इंग्लैंड ने बारिश से प्रभावित टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 7 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद इंग्लैंड ने टी20 सीरीज का पहला मैच गंवा दिया था। इसके बाद अगले मुकाबले को 8 विकेट से जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली। अब बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड की टीम 29 नवंबर और 2 दिसंबर को क्रमश: सिडनी और कैनबरा में सीरीज के शेष मुकाबले खेलेगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.5 ओवरों में महज 108 रन पर सिमट गई। यह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का अपने घरेलू मैदान पर टी20 क्रिकेट में न्यूनतम स्कोर है। मेजबान टीम को 11 के स्कोर पर कप्तान मिचेल मार्श (11) के रूप में बड़ा झटका लग गया था। इसके बाद जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने सैम हार्पर के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 55 रन तक पहुंचाया।