NZ vs IND 2nd Test: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट के पहले दिन अपने बॉलिंग रन-अप से सभी फैंस को सरप्राइज किया। शुक्रवार (27 नवंबर) को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे इस मुकाबले में बुमराह टी-ब्रेक से कुछ देर पहले छोटे से स्पेल के लिए आए। इस दौरान उनका रन-अप और गेंद पकड़ने का तरीका उनके सामान्य अंदाज से अलग नजर आया।
यह दृष्य न्यूजीलैंड की पहली पारी के 48वें ओवर के दौरान देखने को मिला। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुमराह को दोबारा गेंदबाजी पर लगाया था। आमतौर पर रन-अप के दौरान बुमराह गेंद को दोनों हाथों से पकड़कर दौड़ते हैं, लेकिन इस बार वह गेंद को एक हाथ में लिए नजर आए। उनके आखिरी कुछ कदमों में भी बदलाव दिखाई दिया। बुमराह का एक्शन अपने खास अंदाज के लिए जाना जाता है, इसलिए यह बदलाव तुरंत चर्चा में आ गया।
गौरतलब है कि इस टेस्ट सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों को न्यूजीलैंड की पिचों से ज्यादा मदद नहीं मिल रही है। ऐसे में बुमराह अलग-अलग चीजें आजमाते दिखे हैं। उनके बदले हुए रन-अप को देखकर कुछ दर्शकों ने इसे गेंदबाजी में लय हासिल करने की कोशिश माना, जबकि कुछ ने इसे एक सामान्य तकनीकी बदलाव बताया।