बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी व्हाइट बॉल सीरीज के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। यह पूरी सीरीज आईपीएल 2026 और पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान ही आयोजित होगी। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम में कई नए और युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि यह पूरी सीरीज आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान ही खेली जाएगी। बांग्लादेश का इस साल कोई भी खिलाड़ी आईपीएल में हिस्सा नहीं ले रहा है। वहीं दूसरी तरफ न्यूजीलैंड क्रिकेट आमतौर पर अपने खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने की अनुमति देता है। ऐसे में संभावना है कि न्यूजीलैंड टीम के कई बड़े खिलाड़ी इस दौरे पर उपलब्ध नहीं हो रह सकते हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली यह सीरीज बांग्लादेश के लिए रैंकिंग में और सुधार करने का अच्छा मौका हो सकती है, जिससे अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधी क्वालिफिकेशन की उम्मीद भी मजबूत हो सकती है। इस दौरे की शुरुआत 17 अप्रैल से वनडे सीरीज के साथ होगी, जबकि टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 27 अप्रैल से खेला जाएगा। इस दौरे के सभी मैच ढाका और चट्टोग्राम में आयोजित होंगे और दोनों शहर तीन-तीन मुकाबलों की मेजबानी करेंगे।