ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच में जबरदस्त वापसी करते हुए बांग्लादेश को एक पारी और 51 रनों से हराया। कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश पर मिली जीत डार्विन की हार का सही जवाब थी।
बांग्लादेश को पहली पारी में सिर्फ 64 रन पर ढेर करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जवाब में 210 रन बनाए और 146 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। बांग्लादेश के बल्लेबाजों का हाल दूसरी पारी में भी बेहाल रहा और पूरी टीम 95 रन बनाकर सिमट गई। मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में कुल 10 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी में 4 विकेट निकाले।
इस जीत से दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। यह मैच दो दिन के अंदर और सिर्फ 750 गेंदों में खत्म हो गया, जो लगभग एक सदी में ऑस्ट्रेलिया का सबसे छोटा टेस्ट मैच था। मैच के बाद कमिंस ने कहा, "हां, यह सही है। पिछले हफ्ते कई चीजें गलत हुई थीं, लेकिन इन दो दिनों में बहुत कुछ अच्छा हुआ। हमें वापसी की जरूरत थी, और खिलाड़ियों ने इन दो दिनों में शानदार खेल दिखाया।"